सेवा संकल्प अभियान के तहत पलवल में रंगोली के माध्यम से विकास कार्यों का जीवंत प्रदर्शन
Reporter: हरियाणा जनसंपर्क
सेवा संकल्प अभियान के तहत पलवल में रंगोली के माध्यम से विकास कार्यों का जीवंत प्रदर्शन
-जिलाभर के 710 विद्यालयों में हुआ रंगोली आयोजन, करीब 52 हजार विद्यार्थियों ने लिया भाग
-एसपीएस इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल और राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पलवल कैंप में बनाई गई जिला स्तरीय रंगोलियां
-रंगों और पत्तियों के माध्यम से देश में हो रहे विकास कार्यों को किया प्रदर्शित
-सामाजिक संगठनों, ग्रामीणों, अभिभावकों और गणमान्य लोगों ने बढ़ाया विद्यार्थियों का मनोबल
Posted On:
24 Sep 2026 7:30PM
पलवल, 24 सितंबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा के रंग राष्ट्र के संग’ मॉड्यूल-10 के अंतर्गत गुरुवार को जिला पलवल में जिला स्तरीय रंगोली आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य रंगोली के माध्यम से देश में किए जा रहे विभिन्न जनसेवा एवं विकास कार्यों को रचनात्मक एवं आकर्षक ढंग से प्रदर्शित करना था।जिलास्तर पर दो भव्य रंगोलियां तैयार की गईं। इनमें एक बड़ी और आकर्षक रंगोली एसपीएस इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल में तथा दूसरी रंगोली राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, पलवल कैंप में बनाई गई। विद्यार्थियों ने रंगों, पत्तियों और विभिन्न कलात्मक माध्यमों का प्रयोग करते हुए देश में हो रहे विकास कार्यों तथा जनसेवा से जुड़े कार्यों को रंगोली के माध्यम से बेहद सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया। इन रंगोलियों को देखने पहुंचे लोगों ने विद्यार्थियों की रचनात्मकता की सराहना की।इसी प्रकार जिले के सभी खंडों में भी रंगोली कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में सामाजिक साथियों, ग्रामीणों, अभिभावकों एवं गणमान्य व्यक्तियों ने पहुंचकर विद्यार्थियों और अध्यापकों का उत्साहवर्धन किया। सभी ने रंगोली के माध्यम से विकास कार्यों के सुंदर प्रदर्शन की भूरि-भूरि प्रशंसा की। जिला के सभी राजकीय एवं निजी विद्यालयों में भी इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। लगभग 710 विद्यालयों में रंगोली बनाई गई और करीब 52 हजार विद्यार्थियों ने इसमें अपनी सक्रिय भूमिका निभाई। विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता और कला के माध्यम से देश में हो रहे विभिन्न विकास कार्यों को रंगों के जरिए प्रदर्शित किया।इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी मामराज रावत ने जिला एवं खंड स्तर पर कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों, समाजसेवियों, ग्रामीणों, अभिभावकों, विद्यार्थियों और अध्यापकों का स्वागत किया। उन्होंने कार्यक्रम में पहुंचकर विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाने तथा उनकी रचनात्मक प्रतिभा की सराहना करने के लिए सभी का धन्यवाद किया।जिला नोडल अधिकारी सुखराम ने कार्यक्रम में विद्यार्थियों और अध्यापकों के योगदान की सराहना करते हुए सभी को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां विद्यार्थियों में रचनात्मकता, सामाजिक सहभागिता और राष्ट्र के विकास के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देती हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, अध्यापकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों तथा सामाजिक व्यक्तियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
*****
(Release ID: 7245)