भारतीय रेल ने वडोदरा मंडल के अलकापुरी में 166.5 करोड़ रुपये की लागत से रोड ओवर ब्रिज के निर्माण की मंजूरी दी
Reporter: PIB Health Updates
भारतीय रेल ने पश्चिम रेलवे के वडोदरा डिवीजन (मंडल) के अलकापुरी में 166.5 करोड़ रुपये की लागत से चार लेन वाले रोड ओवर ब्रिज के निर्माण की मंजूरी दे दी है। यह परियोजना राज्य सरकार के साथ लागत साझाकरण के आधार पर कार्यान्वित होगी, जिसमें भारतीय रेल और राज्य सरकार बराबर-बराबर व्यय वहन करेगी।
परियोजना की कुल लागत में भारतीय रेल लगभग 83.2769 करोड़ रुपये देगी, जबकि राज्य सरकार की देनदारी भी लगभग 83.2769 करोड़ रुपये होगी।
मौजूदा सड़क संपर्क बेहतर बनाने के लिए चार लेन वाला रोड ओवर ब्रिज बनाया जाएगा।
वडोदरा रेलवे स्टेशन के पास स्थित अलकापुरी रोड अंडरब्रिज वडोदरा शहर के अलकापुरी और कालाघोड़ा क्षेत्रों के बीच पूर्व-पश्चिम दिशा में एक महत्वपूर्ण सड़क संपर्क है। हालांकि, इस अंडर ब्रिज की ऊंचाई केवल लगभग 3 मीटर होने से बड़े वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित है और मानसून के दौरान वहां बार-बार जलभराव की समस्या आती है।
इस वजह से यातायात जाम, परिचालन कठिनाइयां और सड़क पर यात्रियों को असुविधा होती है। अब चार लेन वाली ग्रेड-सेपरेटेड सड़क सुविधा मौजूदा सड़क क्रॉसिंग व्यवस्था की क्षमता बढ़ाएगी।
प्रमुख परिवहन सुविधाओं से बेहतर संपर्क
प्रस्तावित रोड ओवर ब्रिज रेल संचालन बाधित किए बिना बेहतर और अधिक प्रभावी क्रॉसिंग सुविधा प्रदान करेगा। यह वडोदरा रेलवे स्टेशन, गुजरात राज्य सड़क परिवहन निगम बस स्टेशन और आगामी हाई-स्पीड रेल (बुलेट ट्रेन) स्टेशन के लिए महत्वपूर्ण संपर्क सुविधा भी प्रदान करेगा।
बढ़ती यातायात आवश्यकताएं पूरी होंगी
यातायात आकलन से पता चलता है कि व्यस्त समय में प्रति घंटे 1,600 पीसीयू (पैसेंजर कार यूनिट सड़कों पर यातायात के घनत्व और क्षमता को मापने की एक इकाई है, इसके जरिए बस, ट्रक या दोपहिया वाहनों को एक मानक कार के अनुपात में बदला जाता है) से अधिक यातायात होता है, साथ ही इसमें कई यातायात टकराव बिंदु (सड़क या चौराहों पर वे संभावित स्थान होते हैं जहां दो या दो से अधिक वाहनों के रास्ते एक-दूसरे को काटते हैं, आपस में मिलते हैं या अलग होते हैं।) और अपर्याप्त पैदल यात्री सुविधाएं हैं। इससे परिणामस्वरूप, मौजूदा रोड़ अंडर ब्रिज इस क्षेत्र की मौजूदा और अनुमानित यातायात आवश्यकताओं को पूरा करने में सक्षम नहीं है।
चार लेन वाली ग्रेड-सेपरेटेड सुविधा मौजूदा रोड़ अंडर ब्रिज की कार्यात्मक सीमाएं दूर करते हुए वडोदरा के इस महत्वपूर्ण हिस्से में सड़क संपर्क बढ़ाएगी।
यह परियोजना वडोदरा रेलवे स्टेशन के आसपास सड़क संपर्क बेहतर बनाएगी, प्रभावी क्रॉसिंग व्यवस्था प्रदान करेगी और मौजूदा अलकापुरी रोड़ अंडर ब्रिज की सीमाएं दूर करेगी।
***
पीके/केसी/आरटी/एकेवी/पीके