ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के साथ विकास कार्यों को गति दे रही वीबी-जी राम जी योजना : उपायुक्त अखिल पिलानी
Reporter: हरियाणा जनसंपर्क
ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के साथ विकास कार्यों को गति दे रही वीबी-जी राम जी योजना : उपायुक्त अखिल पिलानी
सितंबर माह तक 3,991 श्रमिकों को मिला रोजगार, 35,902 मानव दिवस सृजित; 142.58 लाख रुपये की राशि खर्च
Posted On:
24 Sep 2026 5:15PM
नूंह, 24 सितंबर। ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के साथ-साथ गांवों में आधारभूत सुविधाओं के विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से केंद्र सरकार द्वारा संचालित विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) (वीबी-जी राम जी) योजना के तहत जिला नूंह में विभिन्न विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। जिला प्रशासन द्वारा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।उपायुक्त अखिल पिलानी ने सेवा संकल्प अभियान के मॉड्यूल 'सेवा की कहानी' के अंतर्गत बताया कि योजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार उपलब्ध करवाने के साथ-साथ टिकाऊ परिसंपत्तियों का निर्माण करना और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना है। योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों की आवश्यकता के अनुसार विभिन्न विकास कार्य करवाए जा रहे हैं, जिससे ग्रामीण परिवारों को रोजगार मिलने के साथ-साथ गांवों में बुनियादी सुविधाओं में भी सुधार हो रहा है।उन्होंने बताया कि जिला नूंह में चालू वित्त वर्ष में सितंबर माह तक 4,011 श्रमिकों द्वारा कार्य की मांग की गई, जिनमें से 3,991 श्रमिकों को अब तक कार्य उपलब्ध करवाया जा चुका है। इस अवधि में 35,902 मानव दिवस सृजित हुए हैं तथा योजना के तहत 142.58 लाख रुपये की राशि खर्च की जा चुकी है।उपायुक्त ने बताया कि योजना के तहत एक गांव को दूसरे गांव से जोड़ने के लिए कच्चे एवं पक्के रास्तों का निर्माण, जल संरक्षण, भूमि सुधार सहित ग्रामीण विकास से जुड़े विभिन्न कार्य करवाए जा रहे हैं। इन कार्यों से जहां ग्रामीण परिवारों को स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर मिल रहे हैं, वहीं गांवों में आवश्यक आधारभूत ढांचे को भी मजबूती मिल रही है।योजना से ग्रामीणों को मिला स्थानीय स्तर पर रोजगारवीबी-जी राम जी योजना के तहत रोजगार प्राप्त करने वाले ग्रामीणों में मुस्ताक अहमद निवासी किरंज, नंदकिशोर सैनी निवासी मुंडका, आकिल हुसैन निवासी बिसरु, नसीम निवासी फलैंडी तथा अब्दुल हुसैन निवासी खुशपुरी शामिल हैं। ग्रामीणों ने बताया कि योजना के तहत उन्हें अपने गांव में ही काम करने का अवसर मिला है। इससे उन्हें रोजगार के लिए दूर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ी और परिवार की आजीविका चलाने में आर्थिक सहयोग मिला। मुस्ताक अहमद निवासी किरंज ने बताया कि वीबी-जी राम जी योजना के तहत उन्हें गांव में ही काम मिला, जिससे उन्हें रोजगार का अवसर प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि गांव में ही रोजगार मिलने से समय और आने-जाने का खर्च बचता है। नंदकिशोर सैनी निवासी मुंडका ने बताया कि योजना के तहत मिले रोजगार से उन्हें अपनी आजीविका चलाने में मदद मिली है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के कार्य होने से स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिलते हैं। आकिल हुसैन निवासी बिसरु ने बताया कि योजना के तहत काम मिलने से उन्हें अपने गांव के आसपास ही रोजगार प्राप्त हुआ। उन्होंने बताया कि रोजगार के साथ-साथ गांव में विकास कार्य होने से ग्रामीणों को दोहरा लाभ मिल रहा है। नसीम निवासी फलैंडी तथा अब्दुल हुसैन निवासी खुशपुरी ने भी योजना के तहत रोजगार मिलने पर संतोष व्यक्त करते हुए बताया कि स्थानीय स्तर पर काम मिलने से ग्रामीण परिवारों को अपनी आजीविका चलाने में सहयोग मिलता है।उपायुक्त अखिल पिलानी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना के तहत स्वीकृत कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए तथा अधिक से अधिक पात्र ग्रामीण परिवारों को रोजगार उपलब्ध करवाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में पारदर्शिता एवं गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए।उपायुक्त ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों का समग्र विकास जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। रोजगार उपलब्ध करवाने के साथ-साथ जल संरक्षण, भूमि सुधार एवं ग्रामीण संपर्क मार्गों जैसे कार्यों पर विशेष ध्यान देकर गांवों में विकास को गति दी जा रही है।
*****
(Release ID: 7203)