सेवा सेतु शिविर में 26 सितंबर को उमरी के पंचायत भवन में सभी विभाग योजनाओं के लगाएंगे स्टॉल : राजेश कुमार सोनी
Reporter: हरियाणा जनसंपर्क
Agriculture and farmer welfare
सेवा सेतु शिविर में 26 सितंबर को उमरी के पंचायत भवन में सभी विभाग योजनाओं के लगाएंगे स्टॉल : राजेश कुमार सोनी
-शिविर में हेल्थ चैकअप, पेंशन, हर घर गृहणी, सोलर पैनल, जमाबंदी, किसान वेरीफिकेशन सहित किसानों संबंधी सभी योजनाओं को किया जाएगा शामिल -एसडीएम राजेश कुमार सोनी ने उपमंडल कार्यालय में सेवा सेतु शिविर की तैयारियों का लिया जायजा
Posted On:
24 Sep 2026 4:45PM
लाडवा, 24 सितंबर। एसडीएम राजेश कुमार सोनी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा सेतु शिविर-सरकार आपके द्वार शिविर का आयोजन उपमंडल लाडवा के गांव उमरी के पंचायत भवन में 26 सितंबर 2026 को किया जाएगा। इस शिविर में सभी योजनाओं के स्टॉल लगाए जाएंगे। उपमंडल के अधीन आने वाले शहर व गांव के नागरिक शिविर में हिस्सा लेकर सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक अपनी शिकायत व समस्याओं को रख सकते हैं।एसडीएम राजेश कुमार सोनी वीरवार को उपमंडल कार्यालय में उमरी में लगाए जाने वाले सेवा सेतु शिविर की तैयारियों को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक की। इस मौके पर उन्होंने संबंधित विभागों को आवश्यकत दिशा निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि इस शिविर में बुढ़ापा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, विधवा पेंशन, किसानों की फसल वेरीफिकेशन, पीएम किसान सम्मान निधि, मेरी फसल मेरा ब्योरा, जमाबंदी नकल, हेल्थ जांच शिविर, पीएम सूर्यघर मुफ्त योजना, हर घर गृहणी योजना, एग्री स्टैग सहित सरकार की योजनाओं का लाभ शिविर के माध्यम से दिया जाएगा।उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत सभी विभागों की स्टॉल लगाई जाएगी और लोगों को इसका लाभ दिया जाएगा। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह अपने पास आने वाले व्यक्तियों का रजिस्टर में रजिस्ट्रेशन करें, ताकि शिविर में आने वाले नागरिकों का पता रहे। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10 बजे से लेकर शाम 2 बजे तक की जाएगी।उन्होंने बताया कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ का प्रमुख घटक ‘सेवा सेतु-सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम है। इसके तहत ब्लॉक एवं विधानसभा क्षेत्र स्तर पर शिविर लगाए जा रहे हैं। इन शिविरों में नागरिकों को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ दिलाने में सहायता प्रदान की जा रही है।उन्होंने कहा कि प्रत्येक ब्लॉक एवं विधानसभा क्षेत्र में सेवा सेतु शिविर लगाए जा रहे हैं। इन शिविरों में योजनाओं की जानकारी, आवेदन प्रक्रिया में सहायता तथा लाभ प्राप्त करने के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध करवाया जा रहा है, ताकि पात्र लाभार्थियों को सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें।
*****
(Release ID: 7192)