जिले में 25 हजार 700 संभावित लखपति दीदी तैयार करने का लक्ष्य : डीसी निर्धारित लक्ष्य को समय पर पूरा करने के लिए संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के दिए निर्देश Posted On: 24 Sep 2026 4:14PM कैथल। हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत संचालित लखपति दीदी पहल को जिले में प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए जिला स्तरीय संचालन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता डीसी अपराजिता ने की। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गुलजार मलिक विशेष रूप में उपस्थित रहे।          डीसी अपराजिता ने कहा कि लखपति दीदी पहल केवल आय बढ़ाने की योजना नहीं, बल्कि ग्रामीण महिलाओं की वार्षिक आय में वृद्धि कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है। संबंधित विभाग पात्र महिलाओं को विभिन्न योजनाओं, अनुदान एवं ब्याज सब्सिडी का लाभ दिलाकर उनके लिए आय के स्थायी साधन विकसित किए जाएं।          डीसी ने कहा कि जिले में 25 हजार 700 संभावित लखपति दीदियों को तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। इसको लेकर महिलाओं को विभिन्न लाइन विभागों की योजनाओं से जोड़ा जाना आवश्यक है। इस लक्ष्य को निर्धारित समय में पूरा करने के लिए बागवानी, कृषि, महिला विकास निगम, हरियाणा अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण तथा एमएसएमई सहित संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।          डीसी अपराजिता ने एलडीएम को निर्देश दिए कि पात्र महिलाओं द्वारा किए गए ऋण आवेदनों का समय पर निपटारा और वितरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही आरसेटी सहित अन्य प्रशिक्षण संस्थानों के माध्यम से महिलाओं को उनकी आवश्यकतानुसार कौशल प्रशिक्षण प्रदान किया जाए।   *****   (Release ID: 7176)