डीआरआई ने सोने की सीमापार तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए, बांग्लादेश से तस्करी करके लाया गया 17 करोड़ रुपये कीमत का 12 किलो विदेशी सोना जब्त किया
Reporter: PIB Agriculture Updates
सीमा पार सोने की तस्करी के खिलाफ अपनी सख्त कार्रवाई जारी रखते हुए, राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) ने सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के साथ मिलकर भारत-बांग्लादेश सीमा के जरिए तस्करी किए जा रहे विदेशी सोने की कई खेप पकड़ी हैं। पश्चिम बंगाल और बिहार में कई अभियानों के दौरान, सीमा के पास की जगहों और एक ट्रेन यात्री से कुल मिलाकर लगभग 17 करोड़ रुपये कीमत का करीब 12 किलो विदेशी सोना जब्त किया गया। इससे देश में चोरी-छिपे सोना लाने के लिए बांग्लादेश के रास्ते का लगातार इस्तेमाल होने का पता चला है।
20-21 सितंबर 2026 को पश्चिम बंगाल में, बीएसएफ की 161वीं बटालियन के जवानों ने बीओपी गोंगरा इलाके में भारत-बांग्लादेश बॉर्डर रोड के पास तस्करी करके लाए गए विदेशी मूल के सोने के 27 बिना दावे वाले टुकड़े बरामद किए, जिनका वजन लगभग 3.15 किलोग्राम था। इसके बाद, डीआरआई ने मामले की कार्रवाई शुरू की और सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के प्रावधानों के तहत सोना जब्त कर लिया।
21.09.26 को एक और अभियान में, बीओपी महाखोला में तैनात 161 बीएन के बीएसएफ जवानों ने भारत-बांग्लादेश सीमा बाड़ के पास, हाथखोला गांव में एक हैंडपंप के पास छिपाकर रखा गया 24के शुद्धता वाला विदेशी मूल का तस्करी का सोना बरामद किया। इसके 10 टुकड़ों का वजन लगभग 1.16 किलोग्राम था। बाद में, डीआरआई ने बरामद सोना अपने कब्जे में ले लिया और सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 की धारा 110 के प्रावधानों के तहत इसे जब्त कर लिया। इससे पहले, 10-11.09.26 को, बीएसएफ जवानों ने बीओपी पत्थरघाटा इलाके में भारत-बांग्लादेश सीमा बाड़ के पास विदेशी मूल का सोना बरामद किया था, जिसमें 48 बार (सोने की छड़ें) शामिल थीं और जिनका वजन लगभग 5.9 किलोग्राम था; इसे भी डीआरआई ने अपने कब्जे में लेकर जब्त कर लिया था।
पटना में, डीआरआई अधिकारियों ने एक ट्रेन यात्री से लगभग 1.71 किलोग्राम वज़न के 15 सोने के बार और सोने के 4 छोटे कटे हुए टुकड़े जब्त किए, जो विदेशी मूल के थे। यह सोना उसके दोनों पैरों पर लिपटे कपड़े के नी-कैप (घुटने के पैड) में छिपाकर रखा गया था। जांच से पता चला कि यह सोना बांग्लादेश से तस्करी करके लाया गया था। उस व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया है।
ये अभियान बांग्लादेश के रास्ते विदेशी मूल के सोने की तस्करी, ढुलाई और वितरण में शामिल नेटवर्क को तोड़ने के लिए बीएसएफ के साथ मिलकर डीआरआई की लगातार कोशिशों को दिखाते हैं।
***
पीके/केसी/आरटी/एमपी