जिले के एक लाख 73 हजार 846 लोग उठा रहे हैप्पी कार्ड का लाभ
Reporter: हरियाणा जनसंपर्क
जिले के एक लाख 73 हजार 846 लोग उठा रहे हैप्पी कार्ड का लाभ
Posted On:
24 Sep 2026 3:35PM
कैथल, 24 सितंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में तथा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार द्वारा गरीब एवं अंत्योदय परिवारों को परिवहन सुविधा उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से लागू की गई हैप्पी (हरियाणा अंत्योदय परिवार परिवहन) कार्ड योजना का जिले के हजारों परिवारों को लाभ मिल रहा है। योजना के तहत पात्र परिवारों के सदस्यों को हरियाणा रोडवेज की बसों में प्रतिवर्ष एक हजार किलोमीटर तक मुफ्त यात्रा की सुविधा प्रदान की जा रही है। जिले में अब तक 1 लाख 73 हजार 846 हैप्पी कार्ड लाभार्थियों को वितरित किए जा चुके हैं, जो इस योजना का लाभ उठा रहे हैं। हैप्पी कार्ड के माध्यम से पात्र परिवारों के सदस्य हरियाणा रोडवेज की बसों में बिना किराया यात्रा कर सकते हैं। इससे विशेष रूप से ऐसे गरीब परिवारों को राहत मिल रही है, जिनके लिए रोजमर्रा के आवागमन का खर्च वहन करना कठिन होता है। जिन व्यक्तियों ने हैप्पी कार्ड के लिए आवेदन किया हुआ है, वे अपना कार्ड कैथल बस स्टैंड से प्राप्त कर सकते हैं। कार्ड प्राप्त करने के लिए मोबाइल पर संदेश के माध्यम से प्राप्त पंजीकरण संख्या एवं ओटीपी दिखाना होता है। लाभार्थियों के अनुसार, इस योजना से उन्हें अपने आवश्यक कार्यों के लिए जिले तथा प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में आने-जाने में आर्थिक मदद मिल रही है। कैथल शहर निवासी कविता ने बताया कि उसका हैप्पी कार्ड बना हुआ है और इससे उसे काफी लाभ मिल रहा है। वहां भी जरूरी काम से जाना होता है, वहां रोडवेज बस में बिना किराया यात्रा कर सकती हैं। इससे परिवार के परिवहन खर्च में कमी आई है। हैप्पी कार्ड योजना सरकार की बहुत अच्छी पहल है। अभिषेक ने बताया कि कई बार आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण जरूरी काम से कहीं आने-जाने में भी सोचना पड़ता था, लेकिन हैप्पी कार्ड मिलने के बाद आवागमन आसान हुआ है। कार्ड की अवधि पूरी होने के बाद इसे सरकार द्वारा स्वत: अपडेट कर दिया जाता है, जिसके लिए किसी विभाग के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ती। मुन्नारेहड़ी निवासी एक लाभार्थी ने बताया कि हैप्पी कार्ड के माध्यम से उन्हें हरियाणा में सालाना एक हजार किलोमीटर तक बिना किराये के यात्रा करने की सुविधा मिल रही है। सरकार की यह योजना गरीब परिवारों के लिए काफी उपयोगी है और इससे उन्हें आने-जाने के खर्च में बड़ी राहत मिलती है।वर्जन हैप्पी कार्ड योजना के माध्यम से सरकार की ओर से पात्र अंत्योदय परिवारों को सार्वजनिक परिवहन सुविधा से जोड़ने के साथ-साथ उनके आवागमन पर होने वाले आर्थिक खर्च को कम करने का प्रयास किया जा रहा है। गरीब परिवारों को इस योजना का काफी फायदा मिल रहा है।- अपराजिता, उपायुक्त, कैथल
*****
(Release ID: 7153)