मिलर्स की समस्याओं का तुरंत समाधान करवाएं अधिकारी : डीसी अपराजिता
Reporter: हरियाणा जनसंपर्क
मिलर्स की समस्याओं का तुरंत समाधान करवाएं अधिकारी : डीसी अपराजिता
डीसी ने की मिलर्स की बैठक, मिलर्स की समस्याएं सुनकर अधिकारियों को दिए मौके पर ही समाधान के निर्देश मिलर्स का भी पंजीकरण के लिए किया आह्वान
Posted On:
24 Sep 2026 3:37PM
कैथल, 24 सितंबर। डीसी अपराजिता ने कहा कि खाद्य एवं आपूर्ति विभाग सहित सभी खरीद एजेंसियों के अधिकारी मिलर्स की किसी भी प्रकार की समस्या तुरंत समाधान करवाएं। साथ ही मिलर्स भी समय रहते अपनी मिलों का धान के सीजन में मिलिंग के लिए पंजीकरण करवाएं। ताकि सीजन में किसी भी पक्ष को कोई परेशानी न हो। लघु सचिवालय स्थित सभागार में डीसी अपराजिता वीरवार को मिलर्स एवं खरीद एजेंसियों के अधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहीं थीं। डीसी ने बैठक में सबसे पहले मिलर्स से उनकी समस्याएं जानीं। मिलर्स ने जिला स्तर पर समाधान होने वाली समस्याएं रखीं। डीसी ने मिलर्स को आश्वासन दिया कि जो मामले मुख्यालय स्तर से संबंधित हैं, उनके संबंध में आला अधिकारियों को लिखा जाएगा। जिला स्तरीय मुद्दों पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। धान के सीजन में किसी भी पक्ष को कोई समस्या न आए, इसके लिए जरूरी है कि मिलर्स समय रहते पंजीकरण करवाएं। उन्होंने खरीद एजेंसियों के अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि जिले में जितना संभव हो सके गेहूं स्टॉक का नियमानुसार उठान करवाया जाए। उन्होंने एफसीआई अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे इस संबंध में आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करें। मंडियों में जो भी ट्रांसपोटर्स उठान संबंधी कार्य के लिए आएंगे, उनके पास पर्याप्त संख्या में गाड़ियां होनी चाहिए। सरकार द्वारा धान खरीद के लिए जो भी निर्देश जारी किए गए हैं, उनका सख्ती से पालन किया जाए। ढांड अनाज मंडी की आढ़तियों की मांग पर डीसी ने अदानी साइलो में धान के स्टॉक की अनुमति दिलवाने का आश्वासन दिया। डीसी ने कहा कि किसानों, आढ़तियों सहित किसी भी पक्ष को धान के सीजन में किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसलिए सभी आपसी समन्वय के साथ काम करें। धान खरीद में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। बैठक में मिलर्स की ओर प्रदेश अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा सहित चीका, ढांड, पूंडरी, कलायत से आए मिलर्स ने अपनी समस्याएं रखीं। इस अवसर पर एडीसी डा. सुशील कुमार, डीआरओ चंद्रमोहन बिश्नोई, डीएफएससी वीरेंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद थे।
*****
(Release ID: 7151)