समाधान शिविर में डीसी ने सुनी आमजन की समस्याएं बिजली बिल, सीवरेज, स्ट्रीट लाइट व बिजली पोल हटाने से संबंधित शिकायतों पर अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश Posted On: 24 Sep 2026 3:38PM कैथल, 24 सितंबर। आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित समाधान शिविर में डीसी अपराजिता ने आमजन की शिकायतें सुनीं। शिविर में आई बिजली बिल, सीवरेज व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट तथा बिजली पोल सहित अन्य संबंधित समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए।          गांव पीडल निवासी वेद प्रकाश ने अपनी शिकायत में बताया कि उनका घरेलू बिजली बिल 45 हजार रुपये से भी ज्यादा आया है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में विभाग तथा सीएम विंडो पर भी शिकायत दी जा चुकी है। डीसी ने इसे बिजली विभाग को भेजते हुए जांच करने तथा नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।          इसी प्रकार बिशनगढ गामड़ी निवासी विक्की ने कॉलोनी में टूटे हुए सीवरेज के ढक्कनों की समस्या रखी। उन्होंने बताया कि ढक्कन टूटे होने के कारण बच्चों सहित अन्य लोगों के लिए दुर्घटना का खतरा बना रहता है। इसके अलावा उसने इस क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग रखी। गांव कौल निवासी राजेश कुमार ने मकान के गेट के सामने लगे खाली बिजली पोल को हटाने संबंधी शिकायत रखी।          डीसी अपराजिता ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान शिविर में प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका समयबद्ध निपटारा किया जाए। आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़े, इसके लिए अधिकारी शिकायतों पर तत्परता से कार्रवाई करें। शिकायतों को बिना उचित कारण लंबित रखने या कार्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।   *****   (Release ID: 7150)