पात्र लोगों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना सेवा संकल्प अभियान का मुख्य उद्देश्य :-उपायुक्त सतबीर सिंह
Reporter: हरियाणा जनसंपर्क
पात्र लोगों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना सेवा संकल्प अभियान का मुख्य उद्देश्य :-उपायुक्त सतबीर सिंह
Posted On:
23 Sep 2026 5:28PM
रोहतक, 23 सितंबर। जिला में चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत आज गांव समर गोपालपुर कलां स्थित राजपूत धर्मशाला में सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल स्थापित कर नागरिकों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी दी गई।उपायुक्त सतबीर सिंह ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित किए जा रहे सेवा सेतु शिविरों का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करना है। इन शिविरों में पहुंचने वाले नागरिकों को संबंधित योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया तथा आवश्यक दस्तावेजों के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाती है। साथ ही, पात्र नागरिकों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक प्रक्रिया शुरू की जाती है।सतबीर सिंह ने कहा कि सेवा सेतु शिविर सरकार और आम नागरिक के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम हैं। इन शिविरों के माध्यम से पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ उनके नजदीक उपलब्ध करवाने के साथ-साथ उनकी समस्याओं का समाधान भी प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। शिविर के दौरान जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजपाल चहल तथा भाजपा नेता दीपक निवास हुड्डा ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई स्टॉल का निरीक्षण किया तथा शिविर में पहुंचे ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें उपलब्ध करवाई जा रही सेवाओं एवं योजनाओं की जानकारी ली।बाक्स :-- 24 से 26 सितंबर तक मदनलाल ढींगरा सामुदायिक केंद्र में लगेगा सेवा सेतु शिविरउपायुक्त सतबीर सिंह ने बताया कि 24, 25 व 26 सितंबर को तीन दिवसीय सेवा सेतु शिविर मदनलाल धींगड़ा सामुदायिक केंद्र में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने पात्र नागरिकों का आह्वान किया कि वे इस शिविर में पहुंचकर सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अवश्य उठाएं। उन्होंने कहा कि सेवा सेतु शिविरों में नागरिकों को योजनाओं की जानकारी उपलब्ध करवाने के साथ-साथ पात्र लाभार्थियों को लाभ दिलाने की प्रक्रिया भी मौके पर शुरू की जाती है। इसके अलावा, नागरिकों की समस्याओं का यथासंभव मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया जाता है। उन्होंने पात्र नागरिकों से अपील की कि वे निर्धारित तिथियों पर शिविर में पहुंचकर उपलब्ध सेवाओं का लाभ उठाएं।
*****
(Release ID: 7095)